भदानीनगर. अमझरिया जंगल से भदानीनगर पुलिस ने सोमवार की देर शाम एक युवती का शव बरामद किया. शव दुपट्टे के फंदे में पेड़ से लटका हुआ था. शव की शिनाख्त अमझरिया के मांगता बेदिया की पुत्री केसवरिया (20) के रूप में की गयी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गयी. पुलिस ने शव को मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. केसवरिया की शादी छह मार्च को तिरला ओरमांझी निवासी सन्नु बेदिया से होनेवाली थी. पुलिस सन्नु को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बताया गया कि केसवरिया व सन्नु अक्सर एक-दूसरे के गांव पहले से ही आना-जाना करते थे. सोमवार को सन्नु शादी का कार्ड बांटने अमझरिया आया था. इसके बाद दोनों जंगल की ओर निकले थे. जंगल जाने से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. केसवरिया ने सन्नु का मोबाइल भी पटक दिया था. आरोप है कि जंगल में सन्नु ने केसवरिया को फांसी लगाने के लिए उकसाया था. ओपी प्रभारी ब्रह्मव्रत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी. बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
