रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh News: रामगढ़ जिले में आज मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया.
ड्यूटी और उपस्थिति पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ड्यूटी रोस्टर की जांच की और निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर अपनी ओपीडी और वार्ड ड्यूटी में उपस्थित रहें. उन्होंने स्पष्ट किया कि राउंड के समय डॉक्टरों की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बायोमेट्रिक उपस्थिति का कड़ाई से पालन किया जाए.
मरीजों से सीधे लिया फीडबैक
उपायुक्त ने वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में दी जा रही चिकित्सा सेवाओं के संबंध में सीधा फीडबैक लिया.
आयुष्मान योजना की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र मरीजों को योजना के तहत नि:शुल्क इलाज का लाभ बिना किसी बाधा के मिलना सुनिश्चित किया जाए.
दवा वितरण पर सख्त निर्देश
दवाओं के स्टॉक रजिस्टर की जांच करते हुए उपायुक्त ने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि वे केवल वही दवाएं लिखें जो अस्पताल में उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही मिलनी चाहिए, उन्हें बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए.
स्वच्छता और अनुशासन पर जोर
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और कर्मियों को अनुशासित रहने का निर्देश दिया. साथ ही मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करने की भी हिदायत दी.
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में देरी या ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी. सिविल सर्जन रामगढ़ को नियमित रूप से डॉक्टरों की उपस्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया गया.
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में डॉक्टरों की समय पर उपलब्धता और सम्मानजनक इलाज सर्वोच्च प्राथमिकता है.
यह भी पढ़ें: चतरा में दर्दनाक हादसा: नवादा गांव में कुएं में गिरने से महिला की मौत, पटवन के दौरान फिसला था पैर
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में गैंगवार की आहट: धातकीडीह के गामा होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, भाग रहे दो हमलावर गिरफ्तार
