रजरप्पा. झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नवनिर्वाचित सदस्य निलेश कुमार, अभिषेक भारती एवं ललित यादव शनिवार को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर पहुंचे. उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर परिसर में उन्होंने मत्था टेका तथा पारंपरिक रूप से नारियल बलि अर्पित कर रक्षा सूत्र भी बंधवाया. पूजा के बाद सदस्यों ने कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे. अधिवक्ताओं के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके अधिकारों और सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाये जायेंगे. बार और बेंच के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सुलभ, पारदर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जायेगा. उन्होंने कहा कि बार काउंसिल के कार्यों में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ नये अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए विशेष पहल की जायेगी. इसके अलावा दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजनों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जायेगा. सदस्यों ने झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में भागीदारी के लिए रामगढ़ जिले के अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. इससे पूर्व रजरप्पा पहुंचने पर अधिवक्ता डॉ राजेंद्र कुमार एवं समाजसेवी पवन कुमार दांगी ने सभी सदस्यों का स्वागत किया.
