पतरातू. पतरातू थाना क्षेत्र के टेरपा गांव में शुक्रवार की सुबह अर्जुन सिंह के पुत्र किरण सिंह (40) का शव कुएं से बरामद हुआ. कुएं में शव देखने के बाद लोगों ने इसकी सूचना पतरातू पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया. शव के पैर में बाल्टी बंधी रस्सी, बोरा लिपटा हुआ था. शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान थे. किरण अपने ससुराल में रहते थे. परिजनों व ग्रामीणों ने आशंका जतायी है कि किरण सिंह की हत्या के बाद उसके शव को कुएं में फेंका गया है. किरण सिंह अपने ससुराल में पत्नी व चार बच्चों के साथ रहते थे. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. किरण की बड़ी पुत्री ने बताया कि नाना के भाइयों द्वारा छह महीने पहले मारपीट की गयी थी. वे लोग हमेशा घर छोड़ कर जाने का दबाव बनाते थे. किरण सिंह का पुश्तैनी मकान गुलजारबाग खलारी में है. वह टेरपा में अपने ससुराल में घर जमाई बनकर रह रहे थे. वह पीवीयूएनएल के किसी अधीनस्थ कंपनी में चालक का काम करते थे. घटना के बाद से मृतक की पत्नी उमा देवी, पुत्री सिमरन, श्वेता, नीलम, पुत्र अमन का रो-रो कर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
