रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के पुराना बस पड़ाव रोड निवासी एक महिला से बाइकर्स गिरोह द्वारा गले से सोने की चेन छीन लेने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पुराना बस स्टैंड रोड स्थित वाटिका स्वीट्स के पास रहने वाली अंजू देवी ने शनिवार को रामगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई है.
दवा लेकर लौटने के दौरान हुई घटना
पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर से दवा लेने निकली थी. मेडिकल दुकान से दवा लेने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान बस स्टैंड की ओर से बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे.
झपट्टा मारकर छीन ले गए चेन
महिला ने बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाती, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों युवक फरार हो गए. बाइक सवार लोहार टोला की ओर भाग निकले.
11 ग्राम की थी सोने की चेन
घटना के बाद महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक बाइक सवार युवक फरार हो चुके थे. महिला के अनुसार छीनी गई सोने की चेन करीब 11 ग्राम की थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: ममता की प्रतिमूर्ति बीजो देवी: गुमला में 52 अनाथ बच्चों के लिए बनीं ‘यशोदा मां’, माड़ पिलाकर पाला-पोसा
यह भी पढ़ें: गुमला में अपहरणकर्ताओं को चकमा दिया 5वीं का छात्र, मासूम ने अपराधियों के मंसूबों पर फेरा पानी
