गिद्दी(हजारीबाग). डाड़ी प्रखंड में 155 वार्ड है. वार्ड स्तर पर मतदान केंद्र बनाये गये हैं. डाड़ी प्रखंड में 32 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हैं, जबकि 123 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं. प्रखंड में कोई भी मतदान केंद्र सामान्य नहीं है. 14 पंचायतों में 187 पंचायत प्रतिनिधि निर्वाचित घोषित किये जायेंगे. इसमें जिला परिषद के दो, मुखिया के 14, पंसस के 16 व वार्ड सदस्य के 155 पदों के लिए मतदान 22 नवंबर को होगा.
डाड़ी प्रखंड में चुनावी बिगुल बजने के साथ ही संभावित उम्मीदवारों ने लोगों के बीच जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है और जीत का दावा कर रहे हैं. डाड़ी प्रखंड में मतदाताओं की संख्या 49 हजार 316 है. इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 26 हजार 645 तथा महिलाओं की संख्या 22 हजार 671 है. सबसे अधिक मतदाता गिद्दी ख पंचायत में 4641 है तथा सबसे कम मतदाता गिद्दी ग पंचायत में 1760 है. इस बार 19 वार्ड सदस्य और दो पंचायत समिति सदस्यों में बढ़ोतरी की गयी है. चुनाव की तैयारी प्रखंड मुख्यालय में जोरों पर चल रही है.
अधिकांश उम्मीदवारों को सही-सही जानकारी नहीं है. डाड़ी प्रखंड का होन्हेमोढ़ा व मिश्राइनमोढ़ा पंचायत नक्सल प्रभावित है. इन पंचायतों में प्रशासन को मतदान कराना चुनौती होगी. होन्हेमोढ़ा पंचायत में 14 वार्ड, मतदाता 4122, बलसगरा में 10 वार्ड, मतदाता 3310, हुआग में 12 वार्ड, मतदाता 4032, रबोध में 11 वार्ड, मतदाता 3370, कनकी में 14 वार्ड, मतदाता 4448, हेसालौंग में 13 वार्ड, मतदाता 4207, डाड़ी में 13 वार्ड, मतदाता 3912, मिश्राइनमोढ़ा में 15 वार्ड, मतदाता 4593, रैलीगढ़ा पूर्वी में आठ वार्ड, मतदाता 2822, रैलीगढ़ा पश्चिमी में आठ वार्ड, मतदाता 2631, गिद्दी क में आठ वार्ड, मतदाता 2291, गिद्दी ख में नौ वार्ड, मतदाता 4641, गिद्दी ग में नौ वार्ड, मतदाता 1760, टोंगी में 11 वार्ड, मतदाता 3177 है.
डाड़ी पंचायत के वार्ड नंबर छह में सबसे कम मतदाता 106 तथा गिद्दी ख पंचायत वार्ड नंबर छह में सबसे अधिक 621 मतदाता है. पिछले पंचायत चुनाव के तुलना में इस बार मतदाताओं की संख्या में लगभग दो हजार की बढ़ोतरी हुई है. पंचायत चुनाव की तैयारी प्रखंड मुख्यालय में कमोवेश पूरी कर ली गयी है.
