रामगढ़. छत्तरमांडू स्थित समाहरणालय में सोमवार को उपायुक्त ए दोड्डे की अध्यक्षता में राजस्व को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिला के सभी अंचलों के अंचलाधिकारी, अपर समाहर्ता, एसडीओ आदि मौजूद थे. बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को गैर मजरूआ भूमि की अवैध जमाबंदी रद्द करने का निर्देश दिया.
कहा कि अगर अवैध जमाबंदी रद्द नहीं की जाती है, तो अंचलाधिकारी व कर्मचारी पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी. उपायुक्त ने कहा कि सरकार ने लैंड बैंक बनाने का निर्देश दिया है. अत: एक सप्ताह के भीतर लैंड बैंक बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाये. ऐसा नहीं होने पर राजस्व कर्मचारी को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई की जायेगी. बैठक में उपायुक्त ने जीरो इंट्री प्रारंभ करने का निर्देश दिया.
