छेड़छाड़ के आरोप पर ग्रामीणों का हंगामा, मुंशी व चालक की पिटाई

छेड़छाड़ के आरोप पर ग्रामीणों का हंगामा, मुंशी व चालक की पिटाई

प्रतिनिधि, मेदिनीनगर

चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में सिंचाई योजना का कार्य करा रही कंपनी के मुंशी और चालक की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी. साथ ही जेसीबी समेत अन्य वाहनों और निर्माण स्थल पर तोड़फोड़ की गयी. पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों को बचाया गया. बाद में पुलिस ने घायलों का इलाज कराया. आरोप है कि कंपनी के कर्मियों ने एक स्थानीय महिला से छेड़छाड़ की, जिससे ग्रामीण उग्र हो गये. वहीं कंपनी का कहना है कि कुछ ग्रामीण योजना का विरोध कर रहे हैं और लगातार निर्माण कार्य में बाधा पहुंचा रहे हैं. कंपनी के अनुसार इसी कारण मामले को दूसरा रूप दिया जा रहा है. बताया गया कि सिंचाई योजना के तहत कोयल नदी से पाइपलाइन के माध्यम से जलाशयों तक पानी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है. इसके लिए कल्याणपुर में जेडब्ल्यूआइएल कंपनी निर्माण कार्य कर रही है. कंपनी का कहना है कि योजना के लिए सरकार द्वारा भूमि आवंटित की गयी है, लेकिन कुछ ग्रामीण लगातार कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं. ग्रामीणों ने जेसीबी का शीशा तोड़ दिया. कंपनी के कंटेनर में भी तोड़फोड़ की गयी. कंपनी ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है, ताकि सिंचाई योजना का कार्य समय पर पूरा हो सके. चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों ने महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन नहीं मिला है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >