प्रतिनिधि, मेदिनीनगर शहर के सुदना जलापूर्ति केंद्र की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गयी है. भीषण गर्मी और 43 डिग्री सेल्सियस तापमान में वार्डवासियों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. केंद्र से केवल 10–15 मिनट ही जलापूर्ति की जा रही है, जिससे परिवारों को मुश्किल से पांच–छह डब्बा पानी ही मिल पाता है. यह मात्रा दिनभर की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है. नियमित आपूर्ति न होने से लोगों में नगर निगम प्रशासन के प्रति नाराज़गी बढ़ रही है. कभी सुबह तो कभी शाम पानी आता है, वह भी थोड़ी देर के लिए. बोरिंग और चापानल सूख चुके हैं, जिससे लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है. संपन्न लोग पानी खरीदकर काम चला रहे हैं, लेकिन गरीब तबके के लोग सबसे अधिक परेशान हैं.
केंद्र के ऑपरेटर का कहना है कि तकनीकी खराबी और सीमित संसाधनों के कारण पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. हालांकि सुधार का प्रयास किया जा रहा है. इस बीच वार्डवासियों ने नगर निगम से कम से कम 40–45 मिनट तक नियमित जलापूर्ति की मांग की है, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए भटकना न पड़े.
