मेदिनीनगर ़ शहरी क्षेत्र में सड़क जाम की समस्या गंभीर बनी हुई है. इस समस्या से आमजनों को निजात दिलाने के लिए निगम प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाया है. सड़क किनारे फुटपाथी दुकानदारों, ठेला, खोमचा लगाकर व्यवसाय करने,सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने से जाम की समस्या उत्पन्न होती है. कई ऐसे दुकानदार हैं, जो अपना सामान या बोर्ड दुकान के बाहर रखते है. इससे भी आवागमन बाधित होता है. निगम प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया और अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत की.नगर निगम बोर्ड की बैठक में सड़क जाम की समस्या पर चर्चा की गयी थी. बैठक में लिये गये निर्णय के मुताबिक निगम प्रशासन ने यह अभियान शुरू किया है. मंगलवार को शहर थाना मोड़ से पंचमुहान तक अभियान चलाया गया. दंडाधिकारी के रूप में जिला मतस्य पदाधिकारी मोहम्मद कमरूजमां मौजूद थे. उनकी देखरेख में निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया. इस दौरान बंगाली स्कूल, बंगाली पुस्तकालय रोड, डाबर दवाखाना चौक, पंचमुहान चौक से ठेला, खोमचा हटाया गया.पंचमुहान के पास ठेला लगने व श्रीराम दवाखाना का बोर्ड दुकान के बाहर लगाने से जाम की स्थिति बनी रहती थी. निगम प्रशासन ने इसे हटाते हुए सख्त हिदायत दिया है. निगम के सीटी मैनेजर दिलीप कुमार, मोहम्मद शाहिद हसन ने बताया कि प्रतिदिन अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जायेगा. मुख्य मार्गों के अलावा बाजार क्षेत्र के सभी मार्गों से अतिक्रमण हटेगा.सभी व्यवसायियों को अपना सामान दुकान के अंदर रखने का सुझाव दिया गया है. सड़क व नाली को पूरी तरह अतिक्रमण से मुक्त कराया जायेगा, ताकि आम नागरिकों को जाम से जुझना न पड़े. अभियान में सफाई सुपरवाइजर चंद्रेश्वर, विशुन राम,अंकित कुमार गौतम, सेरान खान, अविनाश, सुशील, इरशाद सहित कई पुलिस जवान शामिल थे.
नगर निगम प्रशासन ने शुरू किया अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर निगम प्रशासन ने शुरू किया अतिक्रमण हटाओ अभियान
