सुनील कुमार झा
रांची : पलामू लोकसभा सीट पर अब तक सबसे अधिक पांच बार कांग्रेस के सांसद के जीतने का रिकॉर्ड रहा है. 1984 तक तक हुए सात चुनाव में से पांच में कांग्रेस के प्रत्याशी ने यहां से जीत हासिल की थी. 1984 के बाद हुए चुनाव में कांग्रेस सीट से रेस से बाहर हो गयी. इसके बाद पलामू में कांग्रेस की वापसी नहीं हुई.
पलामू सीट बाद में कांग्रेस गठबंधन के तहत राष्ट्रीय जनता दल को दे दी. 1999 से लेकर 2014 तक आम चुनाव में मात्र एक बार कांग्रेस ने प्रत्याशी मैदान में उतारा. 2004 में कांग्रेस के टिकट पर विजय कुमार चुनाव लड़े थे. विजय कुमार को 53,998 वोट मिले थे.
1984 तक पलामू सीट पर जीत दर्ज करनेवाली कांग्रेस 1989 में हुए आम चुनाव में रेस से बाहर हो गयी. जनता दल के टिकट पर जाेरावर राम सांसद चुने गये. जबकि दूसरे स्थान पर भाजपा रही. इसके बाद से इस सीट पर पहले भाजपा व जनता दल एवं बाद में राष्ट्रीय जनता दल आमने-सामने की लड़ाई होती रही. 2009 के लोकसभा चुनाव में पहली बार झारखंड मुक्ति मोर्चा यह सीट जीतने में सफल रही.
चार बार यहां से कांग्रेस की सांसद रही थी कमला देवी : सीट पर कांग्रेस की कमला देवी का सबसे अधिक चार बार सांसद रहने का रिकार्ड रहा है.
इसके बाद भाजपा के ब्रजमोहन राम भी तीन बार लगातार यहां से सांसद चुने गये. 1991 से 1999 तक हुए चार चुनाव में सीट पर लगातार भाजपा जीत दर्ज करती रही. 2004 में हुए चुनाव में पलामू सीट भाजपा के हाथ से निकल गयी. इसके बाद के चुनाव में भाजपा को यहां हार का समाना करना पड़ा.
2014 के चुनाव में भाजपा ने पलामू में अपना प्रत्याशी बदल दिया. राज्य के पूर्व डीजीपी वीडी राम भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े. वीडी राम ने राजद के मनोज कुमार को हराया. वर्ष 2019 के चुनाव में एक बार फिर वीडी राम भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने घुरन राम को अपना उम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस गठबंधन के तहत पलामू में नहीं लड़ रही है.
वर्ष विजेता उपविजेता
1957 गजेंद्र प्रसाद सिन्हा (कांग्रेस ) अवतार शर्मा (सीएनएसपीजेपी)
1962 शशांक मंजरी (एसडब्लूए) अर्जन भिखम जी (कांग्रेस)
1967 कमला कुमारी (कांग्रेस ) जोरावर राम (एसएसपी )
1972 कमला कुमारी (कांग्रेस ) रामदेव राम (भारतीय जनसंघ)
1977 रामदेनी राम (बीएलडी) कमला कुमारी (कांग्रेस)
1980 कमला कुमारी (कांग्रेस) रामदेनी राम (बीएलडी)
1984 कमला कुमारी (कांग्रेस) रामसुंदर दास (जेएनपी )
1989 जोरावर राम (जनता दल) रामदेव राम (भाजपा )
1991 रामदेव राम (भाजपा ) जोरावर राम (जनता दल)
1996 ब्रजमोहन राम (भाजपा) उदयनारायण चौधरी (जनता दल)
1998 ब्रजमोहन राम (भाजपा) उदय नारायण चौधरी (राजद)
1999 ब्रजमोहन राम (भाजपा) जोरावर राम (राजद )
2004 मनोज कुमार (राजद) ब्रजमोहन राम (भाजपा)
2007 घुरन राम (राजद ) कामेश्वर बैठा (बसपा)
2009 कामेश्वर बैठा (झामुमो) घुरन राम (राजद)
2014 वीडी राम (भाजपा ) मनोज कुमार (राजद)
