कुडू (लोहरदगा) : थाना क्षेत्र के दो ईंट भट्ठा में टीएसपीसी के उग्रवादियों ने दस्तक दी. एक भट्ठा के मुंशी के साथ हाथापाई की गयी. रात्रि में ही पुलिस को सूचना दी गयी. थाना प्रभारी पतरस नाग के नेतृत्व में पुलिस टीम भट्ठा पहुंची.
तब तक उग्रवादी निकल गये थे. जानकारी के अनुसार उडुमुडू गांव के समीप अनीश अशरफ का ईंट भट्ठा चलता है. सोमवार देर शाम लगभग नौ बजे पांच हथियार बंद तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी के उग्रवादी भट्ठा पर जा धमके. ईंट भट्ठा में मौजूद मुंशी इसराफिल अंसारी को हथियार सटाते हुए हाथापाई की. उडुमुडू के बाद उग्रवादी एक अन्य ईंट भट्ठा में पहुंचे एवं चेतावनी देते हुए कहा कि बगैर अनुमति के काम किया तो अंजाम बूरा होगा.
देर रात्रि लगभग 10 बजे सूचना पाकर थाना प्रभारी ईंट भट्ठा पहुंचे एवं पूरे मामले की जानकारी ली. भट्ठा मालिक अनीश अशरफ ने बताया कि मुंशी के साथ हाथापाई की गयी है. पुलिस को मौखिक रूप से सूचना दी गयी है. थाना प्रभारी पतरस नाग ने बताया कि टीएसपीसी के उग्रवादियों द्वारा हाथापाई एवं धमकाने की जानकारी मिली है. लिखित सूचना मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.
