लोहरदगा : ठंड में अत्यधिक बढ़ोतरी हो गयी है. दो दिनों से बादल, सूर्य की रोशनी कम मिलने व पछुआ हवा चलने के कारण तापमान में गिरावट आयी है. ठंड बढ़ने से शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है.
लोग अपने घरों में रहना पसंद करते हैं. सुबह 8 बजे तक ठंड के कारण लोग घर से नहीं निकल पाते हैं. ठंड के कारण विद्यालय, कार्यालय में उपस्थिति कम हो गयी है. ठंड बढ़ने के बाद कई लोग बीमार हो रहे हैं. उल्टी, दस्त के साथ अन्य रोगों से लोग प्रभावित हो रहे हैं.
ठंड से ज्यादा परेशान गरीब तबके के लोग हो रहे हैं. नगर पर्षद के द्वारा प्रति वार्ड 22-22 कंबल का वितरण किया गया है. जिसे वार्ड पार्षदों के माध्यम से बंटवाया जा रहा है. ग्रामीण इलाके के लोग ठंड से परेशान हैं. हालांकि पंचायतों में 15-15 कंबल वितरण के लिए पंचायत समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराया गया है.
