क्रिसमस गैदरिंग आयोजन स्थल पर बने स्टॉल में
लोहरदगा : क्रिसमस गैदरिंग जतरा का आयोजन संयुक्त संघ के द्वारा 20, 21 एवं 22 दिसंबर को आयोजित की गयी थी. जतरा को लेकर 32 स्टॉल का निर्माण भी कराया गया था. किंतु बीती रात असामाजिक तत्वों ने जतरा स्थल में बने स्टॉल में आग लगा दी.
जिससे सारा स्टॉल जल कर राख हो गया. अगलगी से लगभग दो लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ अखौरी शशांक सिन्हा, थाना प्रभारी बीके सिंह घटना स्थल का दौरा किया. साथ ही इस घटना में दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की बात कही.
घटना शर्मनाक : आयोजन समिति द्वारा क्रिसमस गैदरिंग सह जतरा का आयोजन विगत कई वर्षो से किया जा रहा है. इसका आयोजन तीन दिवसीय होता है. मेले में बनाये गये स्टॉल में सभी वर्गो के व्यवसायी दुकान लगाते हैं. आयोजन समिति के अध्यक्ष सुषमा डुंगडुंग, सचिव सुमीरन टोप्पो, कोषाध्यक्ष पूनम मिंज ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह असामाजिक तत्वों द्वारा क्रिसमस गैदरिंग को रोकने का कुप्रयास है.
मौके पर पहुंचे होप संस्था की मनोरमा एक्का का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से गैदरिंग मेला का आयोजन होता आ रहा है. जिसमें सभी धर्म के लोग हिस्सा लेते हैं. असामाजिक तत्वों द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई की गयी है, जो गलत है.
