बंध्याकरण कराने गयी महिला की मौत
लोहरदगा : मंगलवार को बंध्याकरण के लिए किस्को सीएचसी में आयी 25 वर्षीय रिगी उरांव पति मारवाड़ी जोगियारा निवासी की मौत संदेहास्पद स्थिति में हो गयी. बंध्याकरण के पूर्व महिला को इंजेक्शन लगाया गया था. उसी समय वह बेहोश हो गयी थी. किस्को सीएचसी से तत्काल उसी अवस्था में उसे सदर अस्पताल भेजा गया.
सदर अस्पताल में इलाज करने पर किसी तरह का परिणाम नहीं आया. महिला इंजेक्शन के बाद ही मर चुकी थी. रिगी उरांव को सहिया मदनी उरांव ने परिवार नियोजन के लिए सीएचसी किस्को लायी थी. बताया जाता है कि मृतका रिगी उरांव का विवाह 10 साल पहले हुआ था. जिससे एक बेटी तथा दो बेटे हैं.
बुधवार को रिगी उरांव के परिजनों एवं जोगियारा तथा आसपास के ग्रामीण शव के साथ पावरगंज चौक को जाम कर दिये. जामकर्ता दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. साथ ही शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों द्वारा गठित टीम से करवाने की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों द्वारा मांग की गयी कि मृतका के पति को सरकारी नौकरी तथा 5 लाख रुपये मुआवजा दिया जाये.
सड़क जाम की सूचना के बाद एसडीओ अखौरी शशांक सिन्हा, डीटीओ ओम प्रकाश शाह, सदर बीडीओ राहुल वर्मा, थाना प्रभारी बीके सिंह जाम स्थल पर पहुंच कर लोगों को समझाने का प्रयास किया. किंतु जामकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे. बाद में मृतका के परिजन को तत्काल पारिवारिक लाभ योजना के तहत 5 हजार रुपये किस्को बीडीओ द्वारा दी गयी.
साथ ही स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मृतका के पति को दो लाख रुपये व मानदेय पर रात्रि प्रहरी के रूप में नौकरी देने की घोषणा के बाद जाम हटाया गया. जाम स्थल पर जिप उपाध्यक्ष मनीर उरांव, आलोक साहू, कुणाल अभिषेक सहित पहुंच कर प्रशासन पर मृतका के पति को मुआवजा एवं सरकारी नौकरी का समर्थन किया.
