चार मरे, दो दर्जन घायल

कुडू (लोहरदगा) : नेशनल हाइवे 75 कुडू-चंदवा मुख्य पथ पर स्टूडेंट कोचिंग सेंटर के समीप मंगलवार की देर शाम लगभग नौ बजे बॉक्साइट ट्रक एवं टाट मैजिक यात्री वाहन के बीच सीधी भिड़ंत हो गयी. जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत हो गयी. घटना में 24 लोग घायल हो गये. […]

कुडू (लोहरदगा) : नेशनल हाइवे 75 कुडू-चंदवा मुख्य पथ पर स्टूडेंट कोचिंग सेंटर के समीप मंगलवार की देर शाम लगभग नौ बजे बॉक्साइट ट्रक एवं टाट मैजिक यात्री वाहन के बीच सीधी भिड़ंत हो गयी. जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत हो गयी. घटना में 24 लोग घायल हो गये. इनमें कई बच्चे शामिल हैं. कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
सभी को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है. घटना में घायल ग्रामीणों के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जगह कम पड़ गया एवं चिकित्सक कम पड़ गये. इतना ही नहीं घायलों को ले जाने के लिए एंबुलेंस कम पड़ गया. पुलिस वाहन में लाद कर थाना प्रभारी ने सभी को रिम्स में इलाज कराया. घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.
चंदवा से बॉक्साइट खाली कर ट्रक (ओआर 09ई-8467) लोहरदगा लौट रहा था. रातू काठीटांड़ से राजेश उरांव का छेका कर चंदवा अलोदिया के दो दर्जन लोग टाटा मैजिक यात्री वाहन (जेएच 9ए-2839) से वापस चंदवा लौट रहे थे. इसी क्रम में ट्रक ने मैजिक वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गये. जिसमें सवार लोगों के चित्कार सुन कुडू के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.
ट्रक ने विद्युत खंभे को भी तोड़ दिया. गनीमत रही की विद्युत तार मैजिक वाहन पर नहीं गिरा. अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था. टक्कर के बाद घटनास्थल पर राधा देवी की मौत हो गयी एवं रांची ले जाने के क्रम में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी.
मृतकों में एक ही परिवार के राजू कुजूर (32), पत्नी हीरामनी देवी (27) एवं पांच वर्ष का बेटा रमन कुजूर व एक अन्य महिला राधा देवी सभी चंदवा थाना क्षेत्र के अलौदिया निवासी शामिल है. घायलों में अलौदिया गांव के पंचम ठाकुर, सोनमतिया देवी, अनिता देवी, जयपाल उरांव, बलमतिया देवी, मालती देवी, तारा कुमारी, छोटू वर्मा, बालो देवी, प्रमिला देवी, बलदेव उरांव, इंदू देवी, बोलो देवी, सावित्री देवी, बुधन उरांव, राहुल उरांव, बलमिला देवी, शनमतिया देवी, सोनू भुइयां समेत कई बच्चे शामिल है. सभी घायलों को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है. कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ अंकुर उरांव, दिवाकर मुंडा, विपिन बिहारी चौधरी, लचैन देवी, जेरकू उरांव, बिरसा उरांव ने इलाज कराया.
थाना प्रभारी ने दिखायी मानवता
हादसे के बाद सड़क पर घायल गिर गये थे. टाटा मैजिक में आधे दर्जन लोग फंस गये थे. घायलों के चित्कार, बच्चों के रोने, दर्द से कराहने से माहौल गमगीन हो गया था. ग्रामीण सत्येंद्र कुमार गुप्ता, विनोद राम, विनय कुमार, छोट्ट, विवेक, संतू हनी, गौतम समेत अन्य ने घायलों को निकाले एवं पैदल ही घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचाया.
इसी बीच थाना प्रभारी विनोद कुमार, अनि अशोक कुमार राम, आरके उपाध्याय पुलिस वाहन एक एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंचे एवं सड़क में पड़े घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस वाहन से रांची रिम्स पहुंचाया. थाना प्रभारी विनोद कुमार ने अपनी निगरानी में सभी को रिम्स पहुंचाया. घटना के बाद दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है. ट्रक चालक फरार है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >