बरवाडीह़ चतरा सांसद कालीचरण सिंह सोमवार को प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व सुधी ली. इस दौरान सांसद ने कहा कि बरवाडीह-चिरमिरी रेल परियोजना के संबंध में जल्द ही खुशखबरी मिलने वाली है. उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर उन्होंने पलामू के सांसद बी डी राम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान आकर्षित कराया है. प्रधानमंत्री ने आश्वस्त किया है कि यह योजना शीघ्र ही कैबिनेट में पारित होगी और अगले वर्ष मार्च तक कार्य प्रारंभ होने की संभावना है. सांसद ने बताया कि इस रेल लाइन के शुरू होने से मुंबई की दूरी लगभग 400 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों को समय और खर्च दोनों की बचत होगी. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके परिवार के समान हैं और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे. सांसद ने अपने भ्रमण के दौरान गढ़वाटांड़ निवासी युवा मोर्चा मंडल महामंत्री हेमंत कुमार के घर जाकर कुछ दिन पहले उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की और परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया. इसके बाद उन्होंने छिपादोहर और जुरुहार मुंडू में अपने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और उनका समाधान करने का भरोसा दिलाया. इस अवसर पर चतरा जिला सांसद प्रतिनिधि विनय सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह, विद्युत विभाग सांसद प्रतिनिधि कन्हाई सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष छोटू राजा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी पंकज यादव, बंटी ठाकुर, मनोज प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार, नंददेव सिंह, दीपक तिवारी, कौशल किशोर प्रसाद और मनोज यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
