चंदवा़ झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की पहल पर सभी विद्यालय में बुधवार से स्वच्छता पखवाड़ा-2025 शुरू हुआ. स्थानीय गर्ल्स हाइ स्कूल परिसर में मंगलवार को स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत के दौरान छात्राओं ने स्वच्छता व हरित विद्यालय को लेकर शपथ ग्रहण किया. छात्राओं ने अपने विद्यालय परिसर में गंदगी नहीं फैलाने, अपने घर, गांव व वार्ड को प्रदूषण मुक्त बनाने, भोजन से पहले व शौचालय के बाद हमेशा हाथ साबुन से धोने की आदत को बढ़ावा देने, जल के एक-एक बूंद को बचाने, जल स्रोतों की रक्षा करने, वर्षा जल के संचयन के उपाय को लेकर दूसरों को भी प्रेरित करने, विद्यालय के इको क्लब की गतिविधियों में भाग लेने, मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार तथा स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग की गतिविधियों में भाग लेकर विद्यालय को सर्वोच्च रेटिंग दिलाने, पौधारोपण अभियान चलाने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ ग्रहण की. प्राचार्य दोरोथिया खलको ने बताया कि उक्त स्वच्छता पखवाड़ा 16 से 30 सितंबर तक चलेगा. इस दौरान कई प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जायेगी. अंतिम दिन स्वच्छता को लेकर प्रतियोगिता होगी. बेहतर प्रदर्शन करनेवाले बच्चों को पुरस्कृत किया जायेगा. कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका अंजु कुमारी, सतरूपा कुमारी, बेनहुर टोप्पो समेत अन्य कर्मी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
