महुआडांड़. झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट में विकास के नाम पर खर्च किये गये करोड़ों रुपये की स्ट्रीट लाइट योजना अब पूरी तरह विफल होती नजर आ रही है. कभी रोशनी से जगमगाने वाला यह इलाका आज घोर अंधेरे में डूबा हुआ है. मुख्य सड़कों और पर्यटन मार्गों पर लगी पावर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय आवागमन काफी जोखिम भरा हो गया है. पर्यटकों को मोबाइल टॉर्च और वाहनों की हेडलाइट के सहारे रास्ता तय करना पड़ रहा है. इस स्थिति ने पर्यटन विभाग और संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. करोड़ों की लागत से बनी इस योजना में रखरखाव और निगरानी की कमी साफ नजर आ रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त और उप विकास आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था बहाल करने की अपील की है. अरधे गांव के पास मिट्टी कटाव से ग्रामीण सड़क क्षतिग्रस्त, मरम्मत की मांग चंदवा़ प्रखंड क्षेत्र के रक्सी, पिपराही, तूपी, महुआमिलन, लोहसिना, डूरु, मरमर समेत कई गांवों को चंदवा मुख्यालय से जोड़ने वाली भूषाढ़-रक्सी-महुआमिलान ग्रामीण पथ की स्थिति कई स्थान पर काफी क्षतिग्रस्त हो गई है. अरधे गांव के समीप पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है. अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है. स्थिति यह है कि मिट्टी के लगातार कटाव के कारण सड़क का आधा हिस्सा बह चुका है. शेष भाग भी कमजोर हो गया है. ग्रामीणों की माने तो यदि जल्द ही इस पर ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आगामी बरसात में यह सड़क पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा. इससे एक बड़ी आबादी प्रभावित होगी. क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूटने का खतरा उत्पन्न हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब हस्तक्षेप करते हुए सड़क की मरम्मत व सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है.
स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में डूबा पर्यटन स्थल
स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में डूबा पर्यटन स्थल
