लातेहार. समाहरणालय के सभागार मे उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करें. सड़क सुरक्षा अभियानों की प्रगति लाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान पर विशेष बल दिया गया. सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई सुनिश्चित करने और मुख्य पथों पर कॉन्वेक्स मिरर, स्पीड ब्रेकर और रोड साइन लगाने के निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देशित किया कि नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, बिना निबंधन और बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाये. उपायुक्त ने नो हेलमेट नो पेट्रोल पर कहा कि हेलमेट को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. पेट्रोल पंप वाले यह सुनिश्चित करें कि बगैर हेलमेट वाले को पेट्रोल नहीं दें तथा इसका सख्ती से पालन करें. साथ ही मोटरसाइकिल डीलरों को प्रत्येक वाहन के साथ अनिवार्य रूप से हेलमेट उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया. लातेहार, चंदवा व बालूमाथ के मुख्य सड़क पर जाम की स्तिथि से निपटने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को बस एसोसिएशन, ऑटो एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन, कोल माइंस ट्रांसपोर्टर के साथ बैठक करते हुए शहर को जाम मुक्त बनाने हेतु उपायों पर अमल लाने को कहा गया. नगर पंचायत लातेहार को जाम मुक्त कराने हेतु मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा सड़क के दोनों साइड चौड़ीकारण करने का निर्देश दिया गया. बैठक में कई अधिकारी उपस्थित थे.
जिले मे नो हेलमेट नो पेट्रोल का सख्ती से हो पालन: उपायुक्त
जिले मे नो हेलमेट नो पेट्रोल का सख्ती से हो पालन: उपायुक्त
