चंदवा. शुक्रवार दोपहर तेज बारिश और आंधी के कारण शहर में काफी नुकसान हुआ है. जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा. प्रखंड के बोदा गांव के रेहड़ा दोहरा में बारिश के दौरान वज्रपात से किसान सरफुद्दीन अंसारी की एक दुधारू गाय की मौत हो गयी, जिससे उन्हें लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. झामुमो युवा मोर्चा के नेता बबलू राही ने भुक्तभोगी किसान से मुलाकात कर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. इधर, रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर राजकीय कृत मध्य विद्यालय की चहारदीवारी के भीतर लगा गुलमोहर का पेड़ शनिवार तड़के बिजली के खंभे से होते हुए सड़क पर गिर गया. इससे सड़क पर आवागमन बाधित हुआ और चार बिजली के खंभों के तार टूट गये जिससे 11 हजार वोल्ट प्रवाहित तार क्षतिग्रस्त हो गये. हालांकि, पेड़ गिरने से किसी भी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पूरे दिन शहर की बिजली सेवा बाधित रही. बिजली विभाग के कर्मियों ने पेड़ को काटकर हटाया, लेकिन शनिवार शाम तक विद्युत सेवा बहाल नहीं हो पायी थी. विभाग के कर्मी युद्धस्तर पर बिजली सेवा बहाल करने में जुटे थे. लगातार हो रही बारिश से गिरा घर
बेतला. दो दिनों से हो रही बारिश से बरवाडीह प्रखंड के केड़ पंचायत के रबदी गांव में जयंती देवी का घर गिर गया. उस समय घर में लोग मौजूद थे. सबने घर गिरने की आशंका के बाद भाग कर अपनी जान बचायी. लेकिन घर में बंधे तीन बकरियाें की मौत हो गयी. परिजनाें ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा गरीबों को आवास देने के लिए कई योजनाएं चलायी जा रही है. लेकिन इन योजनाओं का फायदा असली हकदारों को नहीं मिल रहा है. परिजनों ने उपायुक्त से घर की मरम्मत कराने तथा आवास दिलाने का अनुरोध किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
