लातेहार से चंद्र प्रकाश सिंह की रिपोर्ट
Latehar News: झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड के धाधु गांव में एनएलसी कंपनी द्वारा ड्रोन से किए जा रहे जमीन सर्वे का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया. जानकारी के अनुसार, ड्रोन उड़ा रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर बंधक बना लिया और ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया.
दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने मकईयाटांड पुलिस पिकेट को बुलाया, जिसके बाद दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया. वहीं ड्रोन को ग्राम प्रधान बिहारी यादव के पास सुरक्षित रखा गया है. ग्रामीणों का कहना है कि बिना ग्राम सभा की सहमति के गांव में किसी भी प्रकार का सर्वे कार्य कराना नियमों के खिलाफ है. उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा ग्राम सभा को अधिकार दिया गया है, जिसके तहत बिना अनुमति कोई भी कंपनी जमीन सर्वे या खनन कार्य नहीं कर सकती है.
एनएलसी कंपनी पर जबरन सर्वे कराने का आरोप
एनएलसी कंपनी जो धातु कोल परियोजना में कार्य कर रहे हैं बार-बार ग्रामीणों के बिना सहमति के ड्रोन सर्वेक्षण समेत कई अन्य कार्य जबरन करना चाहती है. मौके पर ड्रोन से संबंधित उपकरण जैसे रिमोट, बैटरी, चिप और आई कार्ड आदि भी जब्त कर ग्राम प्रधान के पास सुरक्षित रखे गए हैं.
पकड़े गए युवकों की पहचान, पुलिस जांच में जुटी
पकड़े गए युवकों की पहचान रांची जिले के नामकुम थाना क्षेत्र के चुटिया निवासी धीरज कुमार सहित अन्य के रूप में हुई है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है. मौके पर ग्राम प्रधान बिहारी यादव,रामवृक्ष उरांव, दशरथ यादव, गेंदा राम, वीरेंद्र यादव, कविलाश यादव, शंकर उरांव, तपेश्वर यादव, हरि यादव, मुकेश यादव, रामलाल उरांव, शिव कुमार यादव, रूपचम यादव, बालकसुन यादव, हाशिम मियां, मोती मियां, सचू यादव, छोटू खान, पंकज यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.
