बेटियां समाज की आधारशिला : प्रधान जिला जज
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 09 Jun 2026 8:59 PM
बेटियां समाज की आधारशिला : प्रधान जिला जज
लातेहार ़ जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष कानूनी साक्षरता और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त करना और बाल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के बीच बाल विवाह निषेध अधिनियम और बच्चों के कानूनी अधिकारों से संबंधित पंपलेट व बुकलेट का वितरण किया गया. इसके माध्यम से लोगों को बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में लोगों से अपील की गयी कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 या चाइल्ड हेल्प नंबर 1098 पर सूचित करें. बालिकाओं के समान अधिकारों और उनकी सुरक्षा पर बल : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने समाज में बालिकाओं के समान अधिकारों और उनकी सुरक्षा पर बल दिया. अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की आधारशिला हैं. एक शिक्षित और सुरक्षित बालिका ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकती है. बाल विवाह न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह मासूम के बचपन और भविष्य की हत्या है. उन्होंने संकल्प दोहराया कि लातेहार का कोई भी कोना इस कुप्रथा से कलंकित न हो. श्री शेषनाथ सिंह ने जिला बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, सीडीपीओ, जेजेबी और बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी सहित बच्चों से जुड़े सभी विभागों को मिलकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










