बालूमाथ़ बालूमाथ, बारियातू और हेरहंज थाना में कार्यरत करीब 50 चौकीदारों ने बालूमाथ अंचल में कार्यरत प्रधान सहायक मनोज कुमार पर गंभीर आरोप लगाये हैं. इस संबंध में चौकीदारों ने उपायुक्त को आवेदन दिया है. इसमें उन्होंने कहा है कि उक्त तीनों थाना के करीब 50 चौकीदारों का माह जुलाई व अगस्त 2025 का वेतन भुगतान लंबित है. बालूमाथ अंचल के प्रधान सहायक मनोज कुमार की लापरवाही के कारण उन्हें त्योहार में वेतन नहीं मिल पाया. सरकार द्वारा आवंटन देने के बाद भी वे वेतन से दूर रह गये. आवेदन में लोगों ने आरोप लगाया है कि प्रधान सहायक मनोज कुमार ने वेतन के एवज में प्रति चौकीदार आठ सौ रुपये प्रति माह की दर से रिश्वत मांगा गया था. यह पैसा नहीं देने के कारण बिल नहीं बनाया गया. दो माह का बकाया वेतन व एक माह का अग्रिम वेतन का बिल नहीं बना. इसके कारण उक्त तीनों थाना के 50 चौकीदारों की पूजा फीकी रह गयी. आवेदन में लोगों ने कहा है कि मनोज कुमार से आरजू-मिन्नत के बाद भी उन्होंने बिल नहीं बनाया. चौकीदारों ने उपायुक्त से पूजा से पूर्व वेतन भुगतान कराने व मामले की जांच कर रिश्वत मांगनेवाले प्रधान सहायक पर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में झारखंड दफादार पंचायत के राज्य महासचिव संजीव कुमार, वासुदेव गंझू, जमुना पासवान, कालेश्वर महतो, जितेंद्र राम, गणेशा राम, नंदकिशोर गंझू, छट्ठू राम, जगदेव उरांव समेत अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं. सरकारी छुट्टी होने के कारण उन लोगों का वेतन भुगतान नहीं हो पाया : इस संबंध में प्रधान सहायक मनोज कुमार ने कहा कि चौकीदार का बिल शनिवार को बना दिया गया है. सरकारी छुट्टी होने के कारण उन लोगों का वेतन भुगतान नहीं हो पाया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
