लातेहार ़ राज्य शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में जिले में खेलो झारखंड 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है. जिला मुख्यालय के खेल स्टेडियम में प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड के तहत प्रतियाेगिता का आयोजन किया जा रहा है. इसमें प्रतिभागियों को सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं दिया गया है. प्रतिभागी खुले पांव प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं. जिसे देखने वाला कोई नहीं है. इसके अलावा आयोजनकर्ताओं ने प्रतिभागियों को ड्रेस भी उपलब्ध नहीं कराया है. खेल मैदान में चूना से निशान बना कर आयोजन कराया जा रहा है. जबकि खेल मैदान की स्थिति भी ठीक नहीं है. कई खेल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन : खेलो झारखंड 2025-26 के तहत 100, 200, 400, 800, 1500 व 3000 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेक, चक्का फेक, जैबलिन थ्रो, ट्रिपल जंप, कब्बडी, खो-खो, बॉलीबॉल, हॉकी व तीरंदाजी समेत कई खेल आयोजन कराया जा रहा है. इसमें अंडर-14 से अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता के बाद दाेपहर में खाना खाने शहर के बुनियादी विद्यालय जा रहे विभिन्न वर्ग के प्रतिभागी खुले पांव जा रहे थे. सभी ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई सुविधा नहीं दी गयी है. खेल प्रतियोगिता में नंगे पांव और अपने से लाये ड्रेस पहन कर हिस्सा लेना पड़ा है. क्या कहते हैं अधिकारी : इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम साहू ने कहा कि प्रखंड स्तर पर आयोजित खेलो झारखंड में बजट कम रहता है जिसके कारण प्रतिभागियों को अपने स्तर से ही मैनेज करना पड़ा है. उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित होने वाले खेलो झारखंड में आने वाली टीम को सभी सुविधा दी जायेगी. उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर काफी संख्या में प्रतिभागी होते हैं इस कारण थोड़ी परेशानी हो जाती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
