चंदवा़ शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र में भक्ति, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गयी. सुबह से ही दुबे जी के गोला, पंचमुखी हनुमान मंदिर, बुधबाजार, शिव मंदिर थाना टोली, हरैया ठाकुरबाड़ी और रेलवे कॉलोनी में बने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया है. इस वर्ष भव्य पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र बने हैं. सोमवार की दोपहर बाद माता के पट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा. मंगलवार सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली. महिलाएं, युवा व बुजुर्ग सभी माता के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आयें. माता दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की आराधना की गयी. दोपहर 1:44 बजे संधि बलि का विशेष पूजन कर माता को भोग लगाया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की. दुर्गा पूजा के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद है. बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा तथा चंदवा थाना प्रभारी रणधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष निगरानी जारी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
