लातेहार ़ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आये लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी एवं आश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों की जल्द से जल्द जांच कराते हुए उसका समाधान किया जायेगा. जिले के मनिका प्रखंड निवासी हजारी भुइंया ने अपने आवेदन के माध्यम से राशन कार्ड बनाये जाने की मांग की. उन्होंने अब तक राशन कार्ड नहीं बनने के कारण हो रही समस्या के संबंध में उपायुक्त को अवगत कराया. उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को अग्रसारित कर जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया. जन शिकायत निवारण में मुख्य रूप से भूमि विवाद, जमीन अधिग्रहण, रेलवे लाइन में जमीन जाने के बाद नोटिस नहीं मिलने से संबधित जुड़े आवेदन आये. जन शिकायत में सभी शिकायतकर्ता की समस्याओं को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करें. उपायुक्त के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के समाधान और शिकायत के निष्पादन के लिए जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारियों के कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जन शिकायत निवारण का आयोजन किया जाता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
