मनिका : लातेहार के मनिका थाना क्षेत्र स्थित कुरूंद गांव में झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के उग्रवादियों ने पुल का निर्माण कार्य रोक दिया है. गांव के कानागाढ़ा में पुल निर्माण का कार्य लातेहार जिला परिषद कार्यालय से 22 लाख की लागत से कराया जा रहा है.
निर्माण भाजपा जिला उपाध्यक्ष कामेश्वर यादव की ओर से किया जा रहा है. मंगलवार को 30 से 35 की संख्या में उग्रवादी कार्यस्थल पर पहुंचे. उग्रवादियों ने ढलाई के लिए की जा रही सेटरिंग को ध्वस्त कर दिया. इसके बाद उग्रवादी कामेश्वर यादव को खोजते हुए उनके घर पर पहुंचे.
कामेश्वर यादव के नहीं मिलने पर कार्यस्थल पर मौजूद मुंशी सीताराम यादव (कुरूंद निवासी) को काम नहीं करने की बात कह कर चले गये. बताया जाता है कि उग्रवादियों ने लेवी की मांग को लेकर पुल निर्माण का कार्य रोका है. हालांकि पुलिस को इसकी कोई सूचना नहीं दी गयी है.
