लातेहार : सदर थाना क्षेत्र के रिचुघुटा ग्राम से अपहृत दीपक पांडेय एवं गोलू पांडेय का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने बताया कि युवकों के परिजनों द्वारा पुलिस को अपहरण की कोई जानकारी नहीं दी गयी है. हालांकि पुलिस अपने स्तर से उनकी खोजबीन कर रही है. परिजनों के अनुसार शनिवार की देर शाम टीपीसी के उग्रवादियों ने दोनों का अपहरण किया था.
इन पर संगठन के नाम पर लेवी वसूलने का आरोप लगाया था. अंदेशा है कि दोनों युवकों का अपहरण कर लातेहार एवं लोहरदगा सीमा के जंगलों में ले जाया गया है. ग्रामीण भी अपने स्तर से युवकों को खोजने का प्रयास कर रहे हैं. ज्ञात हो कि अपहृत दीपक पांडेय के पिता संजय कुमार पांडेय की हत्या 10 वर्ष पहले संघर्ष जन मुक्ति मोरचा के उग्रवादियों द्वारा कर दी गयी थी.
