चालक, खलासी व मालिक को बांध कर फेंका
चंदवा (लातेहार) : पांच सड़क लुटेरों ने रविवार रात एनएच-75 स्थित ब्राह्मणी (चंदवा) के पास से 12 चक्का ट्रक लेकर भाग गये. चालक, खलासी व ट्रक मालिक को रस्सी से बांध कर जंगल में फेंक दिया. उनके पास से किराये के 24 हजार नकद व तीन मोबाइल भी लूट लिये.
ये लोग लातेहार से पशु चारा अनलोडिंग कर खलारी लौट रहे थे. घटना रात करीब 10 बजे की है. सोमवार की सुबह चालक नंदा महतो (जोगिया, औरंगाबाद), खलासी विजय चौहान व ट्रक मालिक जितेंद्र चौहान (केदला, हजारीबाग) किसी तरह बंधन से मुक्त होकर सड़क पर आये. फिर चंदवा थाना पहुंच कर मामला दर्ज कराया. समाचार लिखे जाने तक अगवा ट्रक का पता नहीं चला था.
सूमो खड़ी कर रास्ता जाम किया
चालक नंदा महतो ने चंदवा सर्किल इंस्पेक्टर रामजी महतो को बताया कि लातेहार से रात करीब 9.30 बजे खलारी के लिए निकले. ब्राह्मणी स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास अपराधियों ने आसमानी रंग की सूमो गाड़ी लगा कर रास्ता जाम कर दिया. वहां ट्रक के रुकते ही अपराधियों ने हथियार का भय दिखा कर स्टेयरिंग पर कब्जा जमा लिया. तीनों को बांध कर उनसे लूटपाट व मारपीट की. फिर तीनों को जंगल में फेंक कर ट्रक लेकर भाग निकले.
कोट
जल्द परदाफाश होगा
पुलिस मामले की जांच कर रही है. गैंग का जल्द परदाफाश होगा. सभी अपराधी जल्द पकड़े जायेंगे.
– आलोक, एसडीपीओ
