ग्रामीण विकास मंत्री का चंदवा में स्वागत, मंत्री ने कहा
चंदवा : पंचायत प्रतिनिधियों को जल्द अधिकार मिलेगा. धरातल पर विकास दिखेगा. सभी मिलजुल कर राज्य को संवारें. झारखंड अलग राज्य निर्माण में कांग्रेस की भूमिका को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता.
यह बातें ग्रामीण विकास मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे ने कही. वे सोमवार को रांची से मेदिनीनगर व गढ़वा जाने के क्रम में स्थानीय पथ निर्माण विभाग के विश्रमागार में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि बंद सिकनी कोलियरी का मामला मुख्यमंत्री सह खान मंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष उठायेंगे. पीडीएस के गेहूंवितरण पर कहा कि पिछली सरकार ने इसे बंद कराया था. यह सरकार पुन: आपूर्ति चालू करायेगी.
उन्होंने चंदवा बीडीओ को विकास कार्यो में तेजी लाने का निर्देश दिया. एनएच-99 स्थित टोरी लेवल क्रॉसिंग पर फ्लाइ ओवरब्रिज के निर्माण पर श्री दुबे ने कहा कि विस में इस मामले को लाया जायेगा. प्रक्रिया के पश्चात रेल मंत्रलय को भेजा जायेगा.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया. क्षेत्र की समस्या से रू–ब–रू हुए. इससे पूर्व कांग्रेसियों ने मंत्री श्री दुबे का माला पहना कर स्वागत किया.
पूर्व मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बुके देकर मंत्री की अगवानी की. जिलाध्यक्ष अरविंद राम, प्रखंड अध्यक्ष प्रहलाद प्रसाद, इंटक नेता संतोष सिंह, जिप उपाध्यक्ष अनिता देवी, रामयश पाठक, उप प्रमुख मृत्युंजय कुमार सिंह, हरिनंदन दुबे (चंदवा), दिलीप गुप्ता (बालूमाथ), निर्मल भारती, धनेश्वर सिंह, अजीत सिंह, श्री राम शर्मा, शिवब्रत दुबे, जिला सचिव मो अलीम, समशूल खान ने मंत्री को जन समस्याओं से अवगत कराया.
