जिले के विकास में सामूहिक सहयोग जरूरी

* स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्टेडियम में हुआ मुख्य समारोह, डीडीसी ने कहा लातेहार : जिले के चहुंमुखी विकास के लिए सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता आवश्यक है. यह बातें उप विकास आयुक्त रामदेव दास ने कही. वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्टेडियम में मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन करने के बाद जिला वासियों को […]

* स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्टेडियम में हुआ मुख्य समारोह, डीडीसी ने कहा

लातेहार : जिले के चहुंमुखी विकास के लिए सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता आवश्यक है. यह बातें उप विकास आयुक्त रामदेव दास ने कही. वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्टेडियम में मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन करने के बाद जिला वासियों को संबोधित कर रहे थे.

श्री दास ने कहा कि 15 अगस्त उन अमर शहीदों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उन्होंने कहा कि भले ही उग्रवाद को लेकर लातेहार जिला की नकारात्मक छवि रही हो, लेकिन इस जिला को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है. क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए ग्रामीणों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

झारक्राफ्ट से जोड़ कर महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, बुनाई बंबू क्राफ्ट आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. डीडीसी ने मनरेगा समेत अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी. इससे पूर्व उन्होंने परेड का निरीक्षण किया. मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ माइकल राज एस उपस्थित थे. परेड में जिला बल, जवाहर नवोदय विद्यालय, राजकीय मवि चंदनडीह, संत जेवियर एकेडमी, एनसीसी, स्काउट एवं बालिका उवि की छात्राओं ने भाग लिया. राष्ट्रगान एवं बैंड में जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र जबकि बिगुलर के रूप में सीआरपीएफ के जवान शामिल थे.

मंच संचालन आशीष टैगोर ने किया. इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार वैश्य, जिला एवं सत्र न्यायाधीश (द्वितीय) राजेश कुमार पांडेय, लालजी सिंह कुशवाहा, सीजेएम एके गुप्ता, एसीजेएम कुमार दिनेश, न्यायिक पदाधिकारी कौशिक कुमार मिश्र, विशाल गौरव, पीपी सुदर्शन मांझी, एपीपी एके दास के अलावा अपर समाहर्ता मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अबु इमरान, कार्यपालक दंडाधिकारी नागेंद्र कुमार सिन्हा के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिन्हा, प्रखंड प्रमुख आशा देवी आदि उपस्थित थे.

* उपायुक्त प्रशिक्षण पर, डीडीसी ने किया झंडोत्तोलन : लातेहार के जिला बने 12 साल में यह पहला मौका है जब जिले के उपविकास आयुक्त ने जिला स्टेडियम में मुख्य झंडोत्तोलन किया हो. इससे पहले उपायुक्त, तत्कालीन मंत्री यमुना सिंह वैद्यनाथ राम जिला स्टेडियम में झंडोत्तोलन कर चुके हैं. ज्ञात हो कि उपायुक्त आराधना पटनायक प्रशिक्षण में भाग लेने गयी हैं. पलामू उपायुक्त मनोज कुमार यहां प्रभार में हैं.

* स्वतंत्रता सेनानी सम्मानित किये गये : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दो स्वतंत्रता सेनानियों को जिला प्रशासन की ओर से शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया. उप विकास आयुक्त रामदेव दास ने स्वतंत्रता सेनानी रामलखन दास (लातेहार) एवं पुलिस अधीक्षक डॉ माइकल राज एस ने प्रेमशंकर मिश्र (बरवाडीह) को शॉल प्रदान कर सम्मानित किया.

* उपेक्षा का आरोप लगाया : जिला मुख्यालय के गणमान्य नागरिकों ने जिला प्रशासन पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाया है. कई वरीय नागरिकों ने बताया कि जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी स्थानीय लोगों की उपेक्षा की. कहा कि नगर पंचायत के झंडोत्तोलन कार्यक्रम में किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के भाग नहीं लेने से स्थानीय लोगों में क्षोभ है. कई वरीय नागरिकों ने नागरिक बनाम प्रशासन के बीच खेले गये प्रदर्शनी फुटबॉल मैच में हिस्सा नहीं लिया.

* पेंटिंग प्रतियोगिता हुई : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. समूह में रीता कुमारी (गुरुकुल), अभिषेक कच्छप (संत जेवियर एकेडमी) दिब्याशी पाठक (केवी) ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया. जबकि समूह में नवीन कुजूर (संत जेवियर एकेडमी), सकेंद्र सिंह (जेएनवी), ऋखंला सिंह (केवी), समूह में विशाल कुमार (जेएनवी), प्रिंस कुमार (केवी) एवं पूजा कुमारी (कस्तूरबा गांधी विद्यालय) ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया. निर्णायक मंडली में धर्मेद्र जायसवाल, ज्योति चौधरी, विकासकांत पाठक जय कुमार सिंह शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >