बरवाडीह/बेतला : प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में आठवीं की छात्रा पूजा कुमारी की मौत सर्प दंश से हो गयी. कुटमू निवासी महेंद्र सिंह की पुत्री पूजा 15 अगस्त की तैयारी को लेकर सोमवार को विद्यालय परिसर में पीटी कर रही थी.
इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे विद्यालय परिवार व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहेंद्र चौधरी की देखरेख में नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा ले जाया गया, मगर उसे बचाया नहीं जा सका.
सोमवार की देर रात उसकी मौत हो गयी. छात्रा की मौत पर बीइओ सहेंद्र चौधरी ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. शोक व्यक्त करनेवालों में विद्यालय की वार्डन, शिक्षिकाएं, बीआरसी के कुमार संजय सिन्हा, श्याम मनोहर यादव, अशोक कुमार समेत अन्य कर्मी शामिल हैं.
