लातेहार : सावन माह की दूसरी सोमवारी पर भगवान शिव के जलाभिषेक को लेकर शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में शिव भक्तों का तांता लगा रहा. बाजारटांड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से ही भक्तों की कतार लगी थी. काफी संख्या में महिला–पुरुषों ने यहां जलाभिषेक किया.
लघु सिंचाई विभाग स्थित सोमेश्वर शिव मंदिर, जुबली चौक, बिजली ऑफिस व मंडल कारा स्थित शिव मंदिर में भी जलाभिषेक किया गया. रेलवे स्टेशन क्षेत्र के बाजारटांड़ स्थित शिव मंदिर में भी शिव भक्तों ने जल चढ़ाया.
महिला कांवरियों ने किया जलाभिषेक : एनएच-75 पर दुमुहान शिव मंदिर में महिला कांवरियों ने जलाभिषेक किया. करीब 20 महिलाओं का जत्था औरंगा नदी से जल लेकर 14 किमी की दूरी तय कर दुमुहान शिव मंदिर पहुंचा व भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
मनिका/महुआडांड़ : दूसरी सोमवारी पर कई शिवभक्तों ने दुमुहान स्थित नदी से कांवर में जल उठा कर दुमुहान एवं मानिकडीह स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया. इसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी.
महुआडांड़ प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न शिव मंदिरों एवं टांगीनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह से भक्तों की कतार लगी थी.
