डाकबंगला के सामने हो रहा है कांप्लेक्स का निर्माण
चंदवा : रांची–मेदिनीनगर पथ (एनएच-75) व रांची–चतरा पथ (एनएच-99) के किनारे अवस्थित जिला परिषद डाकबंगला के निर्माणाधीन कांप्लेक्स के सामने करीब 150 फीट चहारदीवारी बगैर निविदा स्वीकृत हुए तोड़े जाने का मामला प्रकाश में आया है.
इस चहारदीवारी का निर्माण जवाहर रोजगार योजना मद से करीब 20 वर्ष पूर्व तत्कालीन जनसेवक नंदू प्रसाद (अब सेवानिवृत्त) द्वारा कराया गया था. दिलचस्प तो यह है कि चहारदीवारी को किसने तुड़वाया, यह बताने को कोई तैयार नहीं है. 150 फीट चहारदीवारी टूटी, लेकिन 15 ईंट भी शेष नहीं बचे. जेसीबी से आनन–फानन में नामों निशान मिटा दिया गया.
सरकारी राशि से निर्मित इस चहारदीवारी के हश्र व प्रावधानों को दरकिनार करने जैसे मामले पर लोग चुप्पी साधे हैं. इस बाबत जानकारी के लिए अधिकारी व अभियंता से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला. फिलहाल चहारदीवारी तोड़े जाने को लेकर अटकलों का बाजार गरम है.
