गारू : गारू मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी पथ से बेसनाखाड़ तक सड़क का निर्माण कराने की मांग ग्रामीणों ने राज्यपाल से की है. ग्रामीणों ने बताया कि गारू -महुआडांड़ पीडब्ल्यूडी पथ से बेसनाखाड़ गांव तक 4.25 किमी पथ का निर्माण प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना से कराया जाना है.
मगर तीन वर्षो बाद भी सड़क का निर्माण मिट्टी मोरम कर अभय टेलीकॉम लिमिटेड रांची द्वारा अधूरा छोड़ दिया गया है. इस वजह से इस मार्ग पर सुरकुमी, बेसनाखाड़, हेसवा, कुजरूम, लाटू, रमनदाग गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मालूम हो कि इस पथ का निर्माण ढाई करोड़ की लागत से किया जाना है. इस संबंध में एनपीसीसी के कनीय अभियंता अखिलेश्वर राय ने बताया कि ठेकेदार से शीघ्र सड़क निर्माण शुरू करने को कहा जा चुका है. ऐसा नहीं किये जाने पर कार्रवाई की जा सकती है.
