कोडरमा बाजार. वन्य प्राणी प्रक्षेत्र कोडरमा अंतर्गत इंदरवा के चितरपुर में सोमवार अहले सुबह से ही 17 हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है़ अंधेरा होते ही इन हाथियों का मूवमेंट शुरू हो गया है़ वन्य प्राणी प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामबाबू कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है़ रेंजर रामबाबू ने बताया कि हाथियों के झुंड में उनके दो बच्चे भी शामिल हैं. ऐसे में बहुत ही सतर्कता बरतते हुए उन्हें जंगल की ओर कूच करने का प्रयास किया जा रहा है़ इसके लिए हजारीबाग से क्यूआरटी टीम को मंगवाया गया है़ फिलहाल वन विभाग की टीम और पुलिस हाथियों के हर मूवमेंट पर नजर रखे हुए है़ प्रयास है कि हाथियों का आगमन गांवों की ओर नहीं, बल्कि जंगल की ओर हो इसके लिए हमलोग मशाल के साथ चल रहे हैं. उन्होंने बताया कि जरूरत के आधार पर पटाखों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है़ चितरपुर से सटे गांवों के ग्रामीणों को अलाव जलाने और सावधानी बरतने की कहा गया है़
बताते चलें कि हाथियों का यह झुंड रजौली जंगल से भटकते हुए बीते रात्रि को कोडरमा जिले के बोर्डर को पार करते हुए ताराघाटी मेंं देखा गया था और अहले सुबह चितरपुर जंगल पहुंच गया था़ दिनभर उक्त जंगल मे विश्राम के बाद हाथियों का मूवमेंट शुरू हो गया है़ वन विभाग की टीम उन्हें जंगल की ओर भेजने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है़ मौके पर वन रक्षी छत्रपति शिवाजी, दुर्गा महतो, पवन कश्यप, गोपाल यादव, हजारीबाग क्यूआरटी टीम व पुलिस टीम के सदस्य साथ हैं.
