कोडरमा. तिलैया डैम स्थित ग्रिज़ली विद्यालय के एटल टिंकरिंग लैब के मेधावी छात्र प्रिंस कुमार वर्णवाल ने एमवाइ भारत बजट क्वेस्ट 2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर विद्यालय एवं राज्य का नाम गौरवान्वित किया है. देशभर से लगभग 12 लाख प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रिंस ने राष्ट्रीय स्तर के अंतिम चरण में स्थान प्राप्त किया. यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित की गयी, जिसका उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट से जोड़ना एवं उनकी समझ को विकसित करना है. प्रिंस ने राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज, राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीय स्तर के वर्चुअल संवाद जैसे तीनों चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए झारखंड के प्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बनायी. अंतिम चरण में प्रिंस ने रांची स्थित रिम्स सभागार से प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद में भाग लिया, जहां उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किया. विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रिंस की यह उपलब्धि हमारे विद्यार्थियों की नवाचारी सोच और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी सक्रिय भागीदारी का प्रमाण है. संयोजक विजय कुमार सिंह, जितेन्द्र कुमार चौधरी, बी.डी. नस्कर, अनुराग कुमार सिंह, शिल्पी भदानी, प्रीति जगनानी, स्टूडेंट सर्विस सेल संयोजक सुधांशु कुमार, स्पोर्ट्स कॉर्डिनेटर प्रीतम हरी, सीसीए संयोजक राजीव रंजन सिंह, विद्यालय के सभी शिक्षकगण ने प्रिंस कुमार वर्णवाल, उनके मेंटर कुणाल अंबष्टा एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
प्रिंस ने पीएम मोदी के साथ राष्ट्रीय संवाद में बनायी जगह
प्रिंस कुमार वर्णवाल ने एमवाइ भारत बजट क्वेस्ट 2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर विद्यालय एवं राज्य का नाम गौरवान्वित किया है
