केटीपीएस के मजदूरों की हड़ताल जारी
मजदूर स्थायी गेट पास मांग को लेकर आंदोलन में डटे हैं.
जयनगर. केटीपीएस में रेलवे ट्रैक मेंटेनेंस का कार्य कर रही मेसर्स राज कंस्ट्रक्शन के मजदूर राजू साव, संजय साव तथा संजय यादव का धरना चौथे दिन भी जारी रहा. धरना के दौरान विभिन्न राजनीतिक दल के लोगों का आना जारी है. इधर, मजदूर स्थायी गेट पास मांग को लेकर आंदोलन में डटे हैं. फिलहाल कोई वार्ता नहीं हो रही है और धरना जारी है. इस संबंध में डीवीसी के डीजीएम फ्रांसिस हेब्रम ने बताया कि कंपनी द्वारा इनमें से दो लोगों को आठ दिनों का पास निर्गत किया गया है. मगर ये लोग स्थायी तौर पर तीन गेट पास की मांग पर अड़े हैं, फिलहाल धरना जारी है.
टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर शिविर
कोडरमा बाजार. टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 24 मार्च से संचालित 100 दिवसीय कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सिमरकुंडी और बंदरचौकवा स्थित आयुष्मान आरोग्य में शिविर का आयोजन किया गया. शिविर के दौरान हैंडहेल्ड एक्सरे मशीन के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग के साथ साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य जांच की गयी. शिविर का औचक निरीक्षण राज्य यक्ष्मा सलाहकार डॉ अनुपमा टी एडवर्ड और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ रमण कुमार ने किया. शिविर में आये ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के अलावा टीबी के लक्षणों की पहचान व हैंडहेल्ड एक्सरे मशीन से टीबी स्क्रीनिंग की गयी. टीबी के संदिग्ध मरीजों के बलगम का नमूना लेकर उसे जांच के लिए भेजा गया. निरीक्षण के दौरान डॉ अनुपमा, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ रमण कुमार समेत प्रकाश कुमार रवि, विकास कुमार, प्रवीण कुमार आदि मौजूद थे.