कोडरमा से सूरत के लिए सुपरफास्ट ट्रेन की मांग तेज

पंडित दीनदयाल उपाध्याय विचार झारखंड युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गौतम पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कोडरमा से सूरत के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन की मांग दुहरायी.

कोडरमा. पंडित दीनदयाल उपाध्याय विचार झारखंड युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गौतम पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कोडरमा से सूरत के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन की मांग दुहरायी. संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि पांच मई तक मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे़ गौतम पांडेय ने बताया कि झारखंड के कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और आसपास के हजारों युवा रोजी-रोटी के लिए सूरत जाते हैं. मौजूदा समय में वहां जाने के लिए सिर्फ एक ही ट्रेन उपलब्ध है, जो मालदा से चलती है और उसमें भारी भीड़ रहती है़ ऐसे में युवाओं को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है़ मांग को लेकर संगठन ने पूर्व में प्रेस सम्मेलन कर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, डीआरएम और स्थानीय सांसद अन्नपूर्णा देवी को आवेदन सौंपा था़ संगठन का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों और कामगारों की जरूरतों को अनदेखा नहीं किया जा सकता़ धरना-प्रदर्शन की चेतावनी के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया़ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निरीक्षक दीपक कुमार और अन्य अधिकारियों ने संगठन के सदस्यों से मुलाकात कर मांगों पर गहन विचार करने का आश्वासन दिया़ रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस मुद्दे पर उच्च स्तर पर चर्चा की जाएगी और समाधान निकालने का प्रयास होगा़ संगठन ने रेलवे प्रशासन को पांच मई 2025 तक का समय दिया है, ताकि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लिया जा सके़ गौतम पांडेय ने स्पष्ट किया कि यदि पांच मई तक कोडरमा से सूरत के लिए सुपरफास्ट ट्रेन की घोषणा नहीं होती है तो संगठन राज्यभर के युवाओं को संगठित कर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा़ उन्होंने कहा कि यह केवल कोडरमा के यात्रियों की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और बिहार के प्रवासी श्रमिकों की मांग है़ इस मुद्दे पर संगठन ने झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद अन्नपूर्णा देवी को भी अवगत कराया है़ संगठन का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधियों ने इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया, तो जनता को उनके प्रति भी अपनी नाराजगी जाहिर करनी पड़ेगी़ ज्ञापन सौंपने के दौरान गौतम पांडेय के अलावा नारायण वर्मा, अजय कुमार वर्मा, रीतलाल यादव, भीखो यादव, बोधो यादव, लोकनाथ यादव, देव पंडित, कृष्णा कुमार वर्मा, दीलनबाग अंसारी आदि मौजूद थे़

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >