मरकच्चो (कोडरमा) : जल संसाधन विभाग बरही प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रघुनंदन सिंह यादव व विभाग के अधीक्षण अभियंता हजारीबाग नवीन नारायण समेत अधिकारियों को शुक्रवार को यहां विरोध का सामना करना पड़ा. सभी अधिकारी मरकच्चो के पंचखेरो जलाशय का निरीक्षण करने जा रहे थे.
अपनी मांगों को लेकर जलाशय के विस्थापित परिवारों ने अभियंताओं का रास्ता रोक दिया. कार्यपालक अभियंता व अधीक्षण अभियंता को गाड़ी से उतार कर दो घंटे तक बंधक बनाये रखा. कार्यपालक अभियंता के साथ गाली- गलौज व हाथापाई भी की. सूचना पर मरकच्चो घटनास्थल पर पहुंची. दोनों अधिकारियों को छुड़ाया.
लाभ से वंचित हैं विस्थापित परिवार : विस्थापित परिवार के सदस्य सदानंद वर्मा ने बताया कि विभागीय लापरवाही के कारण विस्थापितों को कई सरकारी लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है. कई लोगों को जीवन निर्वहन भत्ता भी नहीं मिल रहा है. विभाग ने रैयती जमीन पर पीसीसी का काम करने के बावजूद आज तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया. रिश्वत मांगी जा रही है. इस समस्या को लेकर जब कार्यपालक अभियंता से पहले बातचीत की गयी, तो उन्होंने सिर्फ आश्वासन दिया.
ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार किया : कार्यपालक अभियंता रघुनंदन सिंह यादव ने बताया कि सदानंद वर्मा समेत कई ग्रामीणों ने गाड़ी रोक दी. उन्हें बंधक बना लिया. अभद्र व्यवहार हुआ, हाथापाई की गयी. उन लोगों को प्रशासन ने मुक्त कराया. कार्यपालक अभियंता ने रिश्वत मांगे जाने के आरोप को बेबुनियाद बताया.
