विशुनपुर मौजा में ट्रांसमिशन लाइन कार्य का विरोध

कोडरमा : झुमरीतिलैया के विशुनपुर मौजा स्थित जमीन पर डीवीसी की ओर से कराये जा रहे ट्रांसमिशन लाइन कार्य का लोगों ने विरोध किया. मंगलवार की सुबह जब काम शुरू हुआ, तो जमीन मालिक खुद को रैयत बताते हुए विरोध में उतर आये. घंटों हंगामा हुआ. बाद में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे […]

कोडरमा : झुमरीतिलैया के विशुनपुर मौजा स्थित जमीन पर डीवीसी की ओर से कराये जा रहे ट्रांसमिशन लाइन कार्य का लोगों ने विरोध किया. मंगलवार की सुबह जब काम शुरू हुआ, तो जमीन मालिक खुद को रैयत बताते हुए विरोध में उतर आये. घंटों हंगामा हुआ. बाद में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे व लोगों को हिरासत में लेकर काम शुरू कराया. इससे पहले काम नहीं शुरू करने देने को लेकर पुलिस व जमीन मालिकों में झड़प हुई. इस झड़प में एक व्यक्ति प्रमोद कुमार घायल हो गया.
8.75 एकड़ जमीन वर्ष 2007 में खरीदने का दावा करते हुए 39 परिवार ट्रांसमिशन लाइन का काम नहीं करने का अनुरोध प्रशासन कर रहे थे. बाद में लोगों की मांग थी कि ट्रांसमिशन लाइन को जमीन के उत्तरी हिस्से से ले जाया जाये, पर डीवीसी की ओर से उक्त स्थल को छोड़ दूसरे जगहों पर कार्य पूर्ण कर दिया गया था. वर्षो से इस जगह पर खंभा नहीं खड़ा करने दिया जा रहा था. डीसी के निर्देश पर मंगलवार को काम शुरू हुआ, तो लोग विरोध में उतर आये. विरोध जताने कई महिलाएं भी उतर आयीं.
सूचना मिलने पर तिलैया थाना प्रभारी केपी यादव, कोडरमा थाना प्रभारी शिवनाथ प्रसाद, चंदवारा थाना प्रभारी हरिनंदन सिंह, नवलशाही थाना प्रभारी नरेश कुमार, महिला थाना प्रभारी दीपांजलि तिर्की, बीडीओ प्रभाष कुमार दत्ता, सीओ अतुल कुमार, मजिस्ट्रेट रेणु बाला आदि पहुंचे व लोगों को समझाने का प्रयास किया, पर लोग काम नहीं करने देने की मांग पर अड़े रहे. ऐसे में महिला पुलिस बल की सहायता से तीन महिलाओं के अलावा कई पुरुषों को पुलिस गाड़ी में बैठा कर ले गयी.
इसी बीच पुलिस से हल्की झड़प हुई. हिरासत में लिए गए लोगों में मुन्नी देवी, मंजु देवी, नीलम वर्णवाल, रवींद्र वर्णवाल, विजय मोदी, पंकज कुमार, दिवाकर कुमार, प्रमोद कुमार, मनोज कुमार आदि शामिल हैं. विरोध जताने के लिए भाकपा माले के ईश्वरी राणा, संदीप कुमार आदि भी पहुंचे.
गैर मजरूआ है जमीन : सीओ
सीओ अतुल कुमार ने बताया कि यह मामला हाइकोर्ट भी गया था. वहां से डीसी कोडरमा को एक आदेश प्राप्त हुआ कि जमीन मालिकों का दावा अगर सही है, तो तीन माह के अंदर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाये. कोर्ट के आदेश के अनुसार मुआवजा निर्धारित भी हुआ, पर लोग लेने को तैयार नहीं हुए. उन्होंने बताया कि उक्त जमीन गैरमजरूआ किस्म की है. डीवीसी ने इस कार्य के लिए वन विभाग से एनओसी भी लिया है. वहीं डीवीसी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अशफाक हुसैन ने बताया कि कोडरमा सब स्टेशन से कोडरमा रिसिविंग सब स्टेशन तक कार्य होना है.
एसडीओ, एएएसपी की मौजूदगी में काम शुरू : इधर, लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद मौके पर एसडीओ लियाकत अली, एएसपी नौशाद आलम भी पहुंचे. इनकी मौजूदगी में जेसीबी व अन्य मशीनों से काम शुरू कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >