सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाताधारक बबलू आलम को बनाया आरोपी
झुमरीतिलैया : बैंक का क्लोन (जाली) चेक तैयार कर एक बार फिर लाखों रुपये की निकासी का मामला प्रकाश में आया है. बीओआइ झुमरीतिलैया शाखा के मुख्य प्रबंधक प्रकाश मोदी (निवासी गांधी स्कूल रोड) ने इस संबंध में तिलैया थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है. आवेदन के अनुसार कोडरमा के बबलू आलम नामक व्यक्ति ने मुजफ्फरपुर बिहार निवासी व्यक्ति के चेक का क्लोन चेक देकर करीब दो लाख रुपये की निकासी कर ली.
थाना को दिये आवेदन में कहा गया है कि तीन मई को समाशोधन केंद्र झुमरीतिलैया से चेक नंबर 000020 राशि 1,97,640 रुपये सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कोडरमा शाखा द्वारा क्लियरिंग के लिए आया. चेक भरवारी शाखा मुजफ्फरपुर बिहार पर देय था. प्रथम दृष्टया देखने व हस्ताक्षर मिलाने के बाद सीबीएस बैंकिंग के कारण चेक का भुगतान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कोडरमा शाखा के खाता नंबर 3501407084 में कर दिया गया. उक्त खाता बबलू आलम (निवासी जामा मस्जिद के नजदीक जलवाबाद) के नाम से है. इस खाते से उक्त राशि की निकासी नौ मई को कर ली गयी. 21 मई को बीओआइ भरवारी मुज्जफरपुर शाखा से इ-मेल के जरिये यह जानकारी दी गयी कि क्लोन चेक से पैसे की निकासी की गयी है. जिस चेक से राशि की निकासी की गयी वह मूल खाताधारी राघवेंद्र नारायण (निवासी जोगिनि बरियारपुर मुजफ्फरपुर) के पास ही है.
बैंक का इ-मेल प्राप्त होने के बाद उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कोडरमा के शाखा प्रबंधक के साथ बबलू आलम से पूछताछ की. इस दौरान बबलू ने अपना पासबुक व एटीएम 10 मई को खो जाने व इस संबंध में एक सनहा 15 मई को कोडरमा थाना में दर्ज किये जाने की बात बतायी, जबकि इससे पहले उसने तीन से लेकर नौ मई तक पूरी प्रक्रिया के तहत अपने खाता से राशि की निकासी कर ली. शाखा प्रबंधक के अनुसार बबलू आलम ने बैंक के साथ धोखाधड़ी कर राशि की निकासी की है. इससे बैंक को नुकसान पहुंचा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. ज्ञात हो कि अभी कुछ दिनों पहले ही क्लोन चेक से राशि निकासी का मामला एसबीआइ झुमरीतिलैया शाखा की ओर से दर्ज कराया गया था.
