खूंटी. जिला प्रशासन ने जिले में अवैध रूप से संचालित शराब भट्टी और शराब कारोबार के खिलाफ अभियान शुरू किया है. इसके तहत बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर अड़की के बांदू गांव में विषेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान गांव में अवैध रूप से संचालित सात शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया. वहीं मौके से 2600 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया तथा 65 लीटर अवैध शराब को जब्त किया गया. अभियान में अड़की बीडीओ गणेश महतो, सब इंस्पेक्टर सुधीर कुमार यादव और आबकारी विभाग के सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार तथा सशस्त्र बल शामिल थे.
अवैध शराब की बिक्री बंद करने की मांग
जिले के लोगों ने जिले में अवैध शराब की बिक्री बंद करने की मांग की है. इसके तहत खूंटी शहरवासियों ने खूंटी के बड़ाईक टोली में अवैध शराब की बिक्री को बंद करने की मांग की है. लोगों ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री के कारण कई महिलाएं विधवा हो चुकी हैं. वहीं कर्रा के लोधमा में भी शराब की बिक्री बंद करने की मांग की गयी है.
