प्रतिनिधि, खूंटी.
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखंड सरकार के निर्देश पर जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर खूंटी ने स्थानीय कचहरी मैदान में शुक्रवार को दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया. मेला का उदघाटन मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया और उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने मेले में विभिन्न नियोजक कंपनियों के स्टॉल का निरीक्षण किया. वहीं मेले में नौकरी के लिए चयनित बेरोजगार युवक-युवतियों को ऑफर लेटर प्रदान किया. मेला में जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने कहा कि रोजगार मेला क्षेत्र के बेरोजगार ग्रामीण युवक-युवतियों के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक सशक्त मंच व सुनहरा अवसर प्रदान करता है. उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने कहा कि कई बार योग्यता के बावजूद हुनर के अनुसार रोजगार नहीं मिल पाता है. इस प्रकार के आयोजनों से बेरोजगारों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है. जिला नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार ने नियोजनालय के माध्यम से बेरोजगारों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी. मेला में कुल 28 नियोजक कंपनियों ने स्टॉल लगाये थे. जिसमें कुल 68 को ऑन द स्पॉट ऑफर लेटर प्रदान किया गया. वहीं 149 को शॉर्टलिस्ट किया गया. मौके पर अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, सहायक निदेशक, नेशनल कैरियर सर्विस ऑफ इंडिया सहित अन्य उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
