सीसीटीवी फुटेज में बकरी चोरी करते दिखे थे कार सवार दो युवक
Jamshedpur News :
परसुडीह क्षेत्र में कार से बकरी चोरी करने वाले गिरोह का एक सदस्य बुधवार शाम करीब सात बजे लोगों के हत्थे चढ़ गया. घटना परसुडीह के गोलपहाड़ी स्थित गायत्री मंदिर के पास की है, जहां बकरी चोरी कर भाग रहे युवकों का पीछा कर स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया. पकड़े गये युवक की पहचान मानगो निवासी राजा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार बागबेड़ा निवासी रवि कुमार के घर के पास से उसकी बकरी चोरी हो गयी. संदेह होने पर जब उसने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला, तो उसमें सफेद रंग की कार से दो युवक आते दिखायी दिये. दोनों ने पहले बकरी को ब्रेड खिलाकर अपने पास बुलाया और फिर अचानक उसे कार में डालकर फरार हो गये.रवि कुमार ने तत्काल कार की तस्वीर स्थानीय युवकों के साथ साझा की. कुछ देर बाद वही कार गोलपहाड़ी की ओर जाती दिखायी दी. इसके बाद युवकों ने कार का पीछा किया और गोलपहाड़ी के पास ओवरटेक कर रोक लिया. जैसे ही बकरी चोरी की बात फैली, आसपास के लोग भी जुट गये और दोनों युवकों की पिटाई कर दी. इस दौरान मौका पाकर एक युवक भाग निकला, जबकि राजा को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया गया. परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि कार से बकरी चोरी का मामला सामने आया है. एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
