Jamshedpur News : रात सवा एक बजे तक पत्नी से जवान यशवंत ने की थी मोबाइल पर बात
Jamshedpur News : सिदगोड़ा स्थित जैप-6 में तीन तल्ला बैरक की छत से गिरने से पूर्व रात करीब सवा एक बजे तक आरक्षी यशवंत कुमार सिंह ने पत्नी अर्चना देवी से फोन पर बात की थी.
पोस्टमार्टम के बाद जैप-6 में दी गयी सलामी, शव डाल्टेनगंज ले गये परिजन
Jamshedpur News :
सिदगोड़ा स्थित जैप-6 में तीन तल्ला बैरक की छत से गिरने से पूर्व रात करीब सवा एक बजे तक आरक्षी यशवंत कुमार सिंह ने पत्नी अर्चना देवी से फोन पर बात की थी. उसके बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिवार को यशवंत की मौत की खबर मिली. उक्त जानकारी यशवंत कुमार सिंह के साला दिवाकर सिंह ने दी. दिवाकर ने बताया कि यशवंत के दो बच्चे हैं. कूलर खराब होने की वजह से यशवंत बैरक की छत पर सोने चले गये थे. उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेवार नहीं है. इधर, पति की मौत से अर्चना देवी का रो- रो कर बुरा हाल है. यशवंत सिंह अपने बुजुर्ग पिता बीगावन सिंह के इकलौते बुढ़ापे का सहारा थे. बेटे की असामयिक मौत से पिता का भी रो- रो कर बुरा हाल है. शुक्रवार को पोस्टमार्टम होने के बाद जवान के पार्थिव शरीर को जैप-6 ले जाया गया. जहां सलामी दी गयी. सलामी देने के बाद परिवार वाले शव डाल्टेनगंज ले गये. साथ में जैप-6 के जवान भी डाल्टेनगंज गये हैं. संभवत: शनिवार को शव का अंतिम संस्कार किया जायेगा. इस मामले में यशवंत सिंह के पिता बीगावन सिंह के बयान पर सिदगोड़ा थाना में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया गया है. मालूम हो कि बुधवार की देर रात जैप-6 की बैरक की छत से गिरने से आरक्षी यशवंत सिंह की मौत हो गयी थी.