जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से खराब सड़कों की मार झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है. पथ निर्माण विभाग (पथ प्रमंडल, जमशेदपुर) ने मानगो इलाके की दो प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए शॉर्ट टर्म टेंडर निकाल दिया है. यह पहल मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता के लगातार प्रयासों के बाद संभव हुई है. मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता काफी समय से लगे हुए थे. चुनाव जीतने के बाद दोनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर क्षेत्र की समस्याओं पर बात की थी. मई महीने में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार को मांग पत्र सौंपकर जल्द काम शुरू कराने की गुहार लगायी थी. जिसका नतीजा है कि अब विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही सड़कों पर काम दिखने लगेगा.
किस सड़क पर कितना होगा खर्च
विभाग की ओर से जारी टेंडर के मुताबिक दोनों सड़कों की मरम्मत के लिए 120 दिन (करीब चार महीने) का समय तय किया गया है. मानगो- पारडीह पथ (एनएच-32 हिस्सा) में सड़क के मरम्मत कार्य के लिए 25 लाख रुपये की मंजूरी दी गयी है. जबकि मानगो- ओल्ड पुरुलिया रोड की सामान्य मरम्मत (वर्ष 2026-27) के लिए 30 लाख रुपये की राशि तय की गयी है.
लोगों को जाम और गड्ढों से मिलेगी राहत : मेयर
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि जनता को अच्छी सड़कें और बेहतर सुविधाएं देना उनकी पहली प्राथमिकता है. किसी भी शहर की तरक्की अच्छी सड़कों पर टिकी होती है. इन दोनों प्रमुख सड़कों के सुधरने से स्थानीय दुकानदारों, रोज आने-जाने वाले लोगों और गाड़ी चालकों को गड्ढों व धूल से बड़ी राहत मिलेगी. विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जायेगा.
