jamshedpur news : झारखंड पात्रता परीक्षा समाप्त होने के बाद रविवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच चक्रधरपुर रेल मंडल (सीकेपी) के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफाॅर्म के फर्श पर बैठे परीक्षार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. डीआरएम के अचानक पहुंचने से स्टेशन प्रशासन में हड़कंप मच गया. करीब आधे घंटे तक चले निरीक्षण में उन्होंने प्लेटफाॅर्म और स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान कई परीक्षार्थी भीड़ के कारण प्लेटफाॅर्म पर बैठने को मजबूर दिखे, जिनसे डीआरएम ने बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं. उन्होंने निरीक्षण के दौरान स्टेशन के इन और आउट गेट पर अवैध रूप से संचालित दुकानों को तुरंत बंद कराया. साथ ही दोनों गेट के पास खड़े वाहनों को हटाकर पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त किया गया. भीड़ नियंत्रण को लेकर आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम की तैनाती की गयी. परीक्षार्थियों को ट्रेनों में चढ़ाने के दौरान आरपीएफ की सक्रिय भूमिका भी देखने को मिली. टाटानगर स्टेशन के निरीक्षण के बाद डीआरएम आदित्यपुर स्टेशन के लिए रवाना हो गये. इस दौरान स्टेशन से कई ट्रेनों का परिचालन बारी-बारी से होता रहा. डीआरएम के आगमन की सूचना मिलते ही एरिया मैनेजर समीर सौरव, वाणिज्य विभाग के सुनील सिंह, आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आकाश डागर, आरपीएफ प्रभारी राकेश मोहन समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गये.
jamshedpur news : प्लेटफाॅर्म के फर्श पर बैठे परीक्षार्थियों से डीआरएम ने पूछी परेशानी
डीआरएम के औचक निरीक्षण से स्टेशन प्रशासन में मचा हड़कंप

जमशेदपुर (फाइल फोटो)