जमशेदपुर : राज्य के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं तक बच्चों को सरकार की तरफ से यूनिफॉर्म के साथ ही जूता मोजा व स्वेटर खरीदने के लिए राशि उपलब्ध करायी जायेगी. लेकिन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अोर से पोशाक या या उक्त सामग्री की खरीद के लिए जो राशि आवंटित की जा रही है, उस पर सवाल खड़े किये जा रहे हैं.
राज्य कार्यकारिणी समिति की 51वीं बैठक में तय किया गया है कि छठी से आठवीं क्लास के बच्चों को 2 जोड़ी यूनिफॉर्म ( शर्ट, पैंट व टाइ ), एक स्वेटर व एक जोड़ी जूता व मोजा खरीदना है. इसकी खरीदारी के लिए प्रति बच्चे 600 रुपये की राशि सरकार के स्तर से उपलब्ध करवायी जायेगी. उक्त राशि को लेकर राज्य परियोजना निदेशक उमाशंकर सिंह ने सभी जिला शिक्षा अधीक्षकों को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि पहली से आठवीं क्लास तक के बच्चों का डाटा पीएफएमएस पोर्टल पर हर हाल में 30 सितंबर तक अपलोड कर दिया जाये.
श्री सिंह ने यह भी स्पष्ट किया है कि बच्चे की अोर से दी गयी सूचना का सत्यापन अवश्य करवा लें. कोई त्रुटि सामने आती है, तो संबंधित पदाधिकारी पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गयी है. उक्त सामग्री खरीदने के लिए बच्चों के खाते में ही राशि डाली जायेगी. बच्चों के खाते में राशि जाने के बाद स्कूल स्तर पर सामग्रियों की खरीदारी हो सकेगी.
